बागली, मध्यप्रदेश। बागली तहसील मुख्यालय पर रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब एक युवती बंद पड़े बीएसएनएल कार्यालय परिसर में स्थित टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब चार घंटे तक पुलिस और प्रशासन की टीम युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार युवती शाम करीब 3 बजे टावर पर चढ़ी थी। इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बागली पुलिस मौके पर पहुंची और युवती से लगातार बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस ने माइक से की बातचीत
पुलिस टीम ने माइक के माध्यम से युवती से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाया। इस दौरान युवती टावर से चिट्ठी लिखकर नीचे भेजती रही और अपनी बात सामने रखती रही।
बताया जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग और परिजनों की कथित आपत्ति से जुड़ा है। युवती कत्रोद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली बताई जा रही है, जबकि उसका संबंध बागली थाना क्षेत्र के एक युवक से होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति युवती के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे
युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना के बाद संबंधित युवक का भाई भी मौके पर पहुंचा। उसने भी युवती को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन युवती तत्काल नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगातार बातचीत जारी रखी। मौके पर बागली थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक ने भी समझाने का प्रयास किया
घटना की जानकारी मिलने के बाद बागली विधायक मुरली भंवरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी युवती से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया।
पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों की कोशिश करीब चार घंटे तक जारी रही। इस दौरान युवती को किसी तरह की क्षति न पहुंचे, इसके लिए पुलिस लगातार संवाद बनाए रही।
प्रेमी के पहुंचने के बाद नीचे उतरी युवती
काफी प्रयासों के बाद जब संबंधित युवक मौके पर पहुंचा, तब युवती टावर से नीचे उतर आई। युवती के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
नीचे उतरने के बाद युवती को एंबुलेंस की मदद से बागली सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। युवती के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस मामले से जुड़े लोगों से भी जानकारी ले रही है।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *