अशोकनगर: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में पुलिस ने एक ऐसे घिनौने सच से पर्दा उठाया है, जिसे जानकर हर कोई सन्न है। यहाँ एक महिला 'मम्मी' बनकर अपनी ही बेटी और दामाद के साथ मिलकर शहर में देह व्यापार का ऐसा 'रैकेट' चला रही थी, जिसकी नींव अय्याशी और ब्लैकमेलिंग पर टिकी थी। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने न केवल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया, बल्कि एक शातिर हनीट्रैप गैंग का भी पर्दाफाश कर दिया है।
रील की शौकीन, धंधे में शातिर
यादव कॉलोनी स्थित सीमा अहिरवार के घर जब पुलिस टीम पहुँची, तो वहाँ का नजारा किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं था। सोशल मीडिया पर रील बनाकर अपनी 'लग्जरी लाइफ' का प्रदर्शन करने वाली सीमा अहिरवार के इस घर के अंदर असल में कुछ और ही पक रहा था। एक तरफ वह सोशल मीडिया पर ग्लैमरस वीडियो अपलोड कर लोगों का ध्यान खींचती थी, तो दूसरी तरफ पर्दे के पीछे वह देह व्यापार और हनीट्रैप का स्याह साम्राज्य खड़ा कर चुकी थी।
कैसे खुली पोल?
रविवार को अशोकनगर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा को इस गोरखधंधे और ब्लैकमेलिंग की गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने यादव कॉलोनी स्थित सीमा के घर पर धावा बोल दिया। पुलिस को देखते ही घर में भगदड़ मच गई। मौके से पुलिस ने सीमा अहिरवार, उसके दामाद और तीन महिलाओं समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
हनीट्रैप से 51 लाख की वसूली
जांच में पता चला कि यह गिरोह सिर्फ देह व्यापार तक सीमित नहीं था। ये लोग हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाते थे और फिर उनसे मोटी रकम ऐंठते थे। पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपी महिला और उसके दामाद के खिलाफ एक युवक से 51 लाख रुपये की वसूली करने के मामले में FIR दर्ज की गई है। मौके से पुलिस ने 2 लाख 10 हजार रुपये नकद और तीन महंगे मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
आलीशान घर और लग्जरी कारें
रेड के दौरान घर के अंदर की सुख-सुविधाएं देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। सीमा अहिरवार देह व्यापार के धंधे से इतनी कमाई कर चुकी थी कि उसने शहर में एक के बाद एक कई आलीशान मकान खरीद लिए थे। उसके पास महंगी कारें और आलीशान जीवनशैली थी। एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि अब पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि इस महिला ने अपनी काली कमाई से कुल कितनी संपत्ति अर्जित की है। जल्द ही इस अवैध साम्राज्य की संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई की जा सकती है।
यह महिला पहले भी देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार हो चुकी है, लेकिन जेल से बाहर आते ही वह फिर से अपने पुराने धंधे में जुट गई थी। फिलहाल, पुलिस गिरोह के अन्य नेटवर्क की तलाश कर रही है।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *