गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। बिरनी थाना क्षेत्र के भरकट्टा ओपी इलाके में एक ससुर और उसकी बहू ने मिलकर क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। अवैध संबंधों के बीच रोड़ा बन रही बुजुर्ग महिला को रास्ते से हटाने के लिए ससुर ने अपनी ही पत्नी की 'ग्राइंडर मशीन' से गला रेतकर हत्या कर दी।
रिश्तों में कलंक, खौफनाक साजिश
पुलिस की पूछताछ और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मृतका का पति दौलत साव और उसकी छोटी बहू प्रीति देवी के बीच पिछले काफी समय से अवैध संबंध थे। दोनों घर में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। जब बुजुर्ग महिला कुलसी देवी को इस रिश्ते की भनक लगी और उन्होंने विरोध किया, तो ससुर और बहू ने उन्हें ही ठिकाने लगाने की साजिश रच ली।
खौफनाक तरीके से दिया वारदात को अंजाम
घटना शनिवार शाम की है। बीमार कुलसी देवी अपने कमरे में सो रही थीं। उसी दौरान दौलत साव और प्रीति देवी उनके कमरे में दाखिल हुए। साजिश के तहत, बहू प्रीति ने सास के पैरों को मजबूती से जकड़ लिया ताकि वह हिल न सकें, और फिर ससुर दौलत साव ने ग्राइंडर मशीन से बेरहमी से अपनी पत्नी का गला रेत दिया। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए उन्होंने शव को एक बोरे में भरा और कमरे को बाहर से ताला लगा दिया।
लाश के साथ रची साजिश, झूठ का सहारा
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने बड़ी चालाकी से लोगों को गुमराह करना शुरू किया। जब ग्रामीणों ने सास के बारे में पूछा, तो बहू ने बेझिझक झूठ बोला कि "सास अपनी बेटी के घर गई हैं।" उन्होंने ताला इसलिए लगा रखा था ताकि किसी को शक न हो कि लाश कमरे के भीतर है। काफी मशक्कत के बाद जब वे शव को ठिकाने लगाने में नाकाम रहे, तो रविवार सुबह दौलत साव ने ड्रामा करते हुए मुखिया केके वर्मा के पास जाकर खुद को बेगुनाह बताते हुए कहा कि “किसी ने मेरी पत्नी की हत्या कर दी है।”
पंचायत में हुई थी चप्पल से पिटाई, फिर भी जारी रहा सिलसिला
मृतका की बड़ी बहू ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि ससुर दौलत साव पहले बहू को नशे का इंजेक्शन या दवा देकर हवस का शिकार बनाता था। जब यह मामला खुला, तो गांव में पंचायत हुई और बहू ने ससुर की चप्पल से पिटाई भी की थी। तब ससुर ने माफी मांग ली थी। हालांकि, कुछ समय बाद बहू फिर से हैदराबाद से लौट आई और दोनों की सहमति से यह 'नापाक रिश्ता' फिर शुरू हो गया, जो अंततः एक जघन्य हत्याकांड पर जाकर खत्म हुआ।
फिलहाल, बिरनी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में ससुर और बहू दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *