
स्वाति श्रीवास्तव विदिशा। 19 दिसंबर 2024: विदिशा पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमताल चौराहे पर 41 मॉडिफाइड साइलेंसरों को रोड रोलर चढ़ाकर नष्ट कर दिया। बुलेट मोटरसाइकिलों में लगाए गए ये साइलेंसर असहनीय शोर पैदा कर रहे थे, जिससे न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा था, बल्कि सड़क सुरक्षा भी खतरे में थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारियों की टीम ने पिछले दो सप्ताह में 100 से अधिक बुलेट मोटरसाइकिलों से मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए। इनमें से 59 साइलेंसर न्यायालयीन कार्यवाही के तहत रखे गए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों को सख्त संदेश दिया गया है कि अवैध मॉडिफिकेशन से बचें और यातायात नियमों का पालन करें। अभियान को जिले में लगातार जारी रखने की योजना है।