
वसीम कुरेशी सांची। सांची के नेशनल हाईवे 146 पर शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। सीएम राइस स्कूल के सामने एक तेज रफ्तार पिकअप लोडिंग वाहन ने सड़क पार कर रही 21 साल की युवती मोहनी शिल्पकार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसा शाम करीब 5:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोहनी अपने घर का सामान खरीदने सांची आई थी और इसी दौरान यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती सड़क पर गिरकर तड़पने लगी। राहगीरों ने तुरंत मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाया।
सांची के डॉक्टरों ने युवती की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत बेहतर इलाज के लिए विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप लोडिंग वाहन (क्रमांक MP 04 LD 7471) को जब्त कर लिया है और ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं की ओर ध्यान खींच रहा है।