
अक्षय जैन सागर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के सागर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला के साथ उसके पति के ही दोस्त ने विश्वासघात करते हुए दुष्कर्म किया। जब महिला गर्भवती हो गई, तो अपनों ने ही उसे ठुकरा दिया और उसे न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
दोस्ती की आड़ में किया काला कारनामा
पीड़िता के अनुसार, महाराजपुर निवासी दामोदर आठ्या का उसके घर आना-जाना था। पति का दोस्त होने के नाते उस पर भरोसा करना महिला को भारी पड़ गया। आरोप है कि दामोदर ने उसके साथ कई बार दुराचार किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। इस बात का खुलासा होने पर पीड़िता के पति ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया, वहीं आरोपी दामोदर भी अपनी जिम्मेदारी से मुकर गया।
पुलिस पर भी लगे 'समझौते' के गंभीर आरोप
हैरान करने वाली बात यह है कि पीड़िता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। महिला का आरोप है कि जब वह पहले न्याय के लिए थाने पहुंची, तो उसकी फरियाद सुनने के बजाय पुलिस ने आरोपी पक्ष को बुला लिया। पीड़िता के अनपढ़ होने का फायदा उठाकर पुलिस ने दबाव बनाकर राजीनामा पत्र पर उसके हस्ताक्षर करा लिए।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी और उसके भाई लालचंद आठ्या ने उसे जान से मारने की धमकी दी और गर्भपात कराने का दबाव बनाया। वर्तमान में वह पांच माह की गर्भवती है और डॉक्टर ने गर्भपात से मना कर दिया है। अब न ससुराल वाले उसे अपना रहे हैं और न ही मायके वाले।
181 हेल्पलाइन के हस्तक्षेप से दर्ज हुई FIR
जब हर तरफ से रास्ते बंद हो गए, तब पीड़िता ने 181 cm हेल्पलाइन पर अपनी आपबीती सुनाई। हेल्पलाइन के हस्तक्षेप के बाद महाराजपुर पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।