
वसीम कुरेशी सांची। सांची पुलिस ने मंगलवार को गांजे की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। सलामतपुर तिराहे पर की गई इस कार्रवाई में आरोपी के पास से करीब 2 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹20,000 बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक भी जब्त कर ली गई है।
मुखबिर की सटीक सूचना और पुलिस की फुर्ती
थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी ने बताया कि 15 जुलाई को सहायक उपनिरीक्षक कमल सिंह ठाकुर और चंद्रभान सिंह को एक विश्वसनीय सूचना मिली थी। उन्हें बताया गया कि एक व्यक्ति (काली शर्ट और नीली जींस पहने, कंधे पर काला बैग लटकाए) भोपाल से सांची की तरफ हीरो होंडा स्प्लेंडर (MP 04 ZS 1738) पर गांजा लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई।
घेराबंदी कर दबोचा आरोपी, लाखों का माल जब्त
मुखबिर की सूचना पर तत्काल एक टीम गठित की गई, जिसमें सहायक उपनिरीक्षक कमल सिंह ठाकुर, चंद्रभान सिंह, आरक्षक शैलेंद्र सोलंकी, आरक्षक मिथुन ठाकुर, प्रधान आरक्षक संजय चौहान और सैनिक विजय शर्मा शामिल थे। इस टीम ने स्वतंत्र पंच साक्षियों के साथ सलामतपुर तिराहे पर घेराबंदी की और संदिग्ध को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ज्ञानसिंह मीणा (उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम रमपुरा वाला चौक, थाना बैरसिया, जिला भोपाल) बताया। तलाशी लेने पर उसके काले बैग से पीले कागज में लिपटा लगभग 2 किलो गांजा मिला। गांजे के संबंध में आरोपी के पास कोई लाइसेंस या दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की गई हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक (अनुमानित कीमत ₹20,000) को भी जब्त कर लिया।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, आगे की जांच जारी
मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से गांजे का वजन किया गया और पूरी जप्ती कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की गई। आरोपी ज्ञानसिंह मीणा को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी की सूचना उसकी पत्नी को फोन पर दे दी गई है। जब्त किए गए माल को थाने के मालखाने में जमा कर आरोपी को हवालात में बंद कर दिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।