Vidisha Bharti

collapse
...
Home / राजनीति / ऑपरेशन सिंदूर: भारत की एयर स्ट्राइक से पाकिस्तान में मचा हड़कंप, जानिए अब तक की पूरी कहानी

ऑपरेशन सिंदूर: भारत की एयर स्ट्राइक से पाकिस्तान में मचा हड़कंप, जानिए अब तक की पूरी कहानी

2025-05-07  Editor Shubham Jain  584 views

ImgResizer_20250507_0641_16922
 

नई दिल्ली: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने जिस तरह निर्णायक कदम उठाया है, उसने न सिर्फ पाकिस्तान को चौंका दिया है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी हलचल मचा दी है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नाम से किए गए इस जवाबी एक्शन में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में घुसकर 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। इस कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे खूंखार आतंकी संगठनों के मुख्यालय को निशाना बनाया गया।

भारत का करारा जवाब: ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत

14 जवानों की शहादत के बाद देशभर में आक्रोश था। केंद्र सरकार ने त्वरित निर्णय लेते हुए ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने का फैसला किया। भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने बुधवार की रात पाकिस्तान की हवाई सीमा में प्रवेश कर कई प्रमुख आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। हमलों की योजना इतनी सटीक थी कि सभी निशाने सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिए गए।

कौन-कौन से ठिकाने आए निशाने पर?

सेना के सूत्रों के अनुसार, बहावलपुर, कोटली, मुरीदके और मुजफ्फराबाद में मौजूद आतंकी कैंपों पर हमले किए गए। खास बात यह रही कि इन हमलों में सिर्फ आतंकी अड्डों को ही निशाना बनाया गया, जिससे सैन्य ठिकानों और आम नागरिकों को कोई नुकसान नहीं हुआ। मसूद अजहर के बहावलपुर स्थित ठिकाने को पूरी तरह से तबाह कर दिया गया है।

पाकिस्तान में मचा कोहराम

इस हमले के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 30 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 12 से अधिक घायल हुए हैं। कई वीडियो और तस्वीरें सामने आ रही हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि अस्पतालों में अफरा-तफरी का माहौल है। कई शहरों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। लाहौर एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों को दो दिनों के लिए रद्द कर दिया गया है।

इमरजेंसी के हालात, छुट्टियों का ऐलान

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और सेना को अलर्ट पर रखा गया है। पाकिस्तानी सेना की ओर से कहा गया है कि भारतीय सेना ने 24 मिसाइलें दागी हैं, जिनमें से अधिकांश आतंकी शिविरों पर गिरीं।

बौखलाया पाकिस्तान, नेताओं की गीदड़ भभकी

हमले के बाद पाकिस्तान की सरकार और सेना में खलबली मच गई है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नेशनल सिक्योरिटी कमेटी की आपात बैठक बुलाई और भारत को ‘करारा जवाब’ देने की बात कही। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि उन्होंने कुछ भारतीय सैनिकों को हिरासत में लिया है, हालांकि भारत की ओर से इस पर कोई पुष्टि नहीं हुई है।

पाकिस्तान का पुराना राग: महिलाओं-बच्चों की मौत का दावा

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने भारत की कार्रवाई को कायरतापूर्ण करार देते हुए घड़ियाली आंसू बहाए। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना ने रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया, जिससे महिलाओं और बच्चों की भी मौत हुई है। हालांकि भारत ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि सभी हमले आतंकवादियों के ठिकानों पर ही किए जाएंगे और नागरिकों को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा गया है।

क्या परमाणु युद्ध की ओर बढ़ रहा है एशिया?

पाकिस्तानी मंत्री डार का बयान कि “भारत की इस कार्रवाई ने दो परमाणु सशस्त्र देशों को युद्ध के मुहाने पर ला खड़ा किया है,” दुनिया के लिए एक गंभीर संकेत है। लेकिन भारत ने अपनी रणनीति से यह स्पष्ट कर दिया है कि वह सिर्फ आतंक के खिलाफ है, किसी देश के खिलाफ नहीं। इस ऑपरेशन में कोई भी सैन्य अड्डा निशाना नहीं बनाया गया, जिससे साफ है कि भारत की मंशा सिर्फ आतंकी ढांचे को खत्म करना है।

भारत में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कैसा है माहौल?

देशभर में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारी उत्साह और समर्थन देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर हैशटैग #OperationSindoor ट्रेंड कर रहा है। लोग सेना के साहस को सलाम कर रहे हैं और शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए इस जवाबी कार्रवाई को सही ठहरा रहे हैं। सरकार और रक्षा मंत्रालय की इस त्वरित कार्रवाई को हर वर्ग से सराहना मिल रही है।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाएं

हालांकि अभी तक अमेरिका, रूस और फ्रांस जैसे बड़े देशों की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय भारत के इस एक्शन को आत्मरक्षा का अधिकार मानते हुए समर्थन देगा। भारत पहले ही कई बार आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को चेतावनी देता आ रहा था।

Uआतंक के ठिकानों पर करारा प्रहार

‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने यह साफ कर दिया है कि भारत अब आतंकवाद पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है। यह सिर्फ एक जवाबी हमला नहीं, बल्कि भविष्य के आतंकियों के लिए चेतावनी है कि अगर भारत पर नजर उठाई तो परिणाम घातक होंगे। यह कार्रवाई केवल शहीदों को श्रद्धांजलि ही नहीं, बल्कि देश की रक्षा नीति का स्पष्ट संदेश है—अब हर हमला पड़ेगा भारी।


Share:

26