राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने महज 5 दिनों के भीतर फिल्मी अंदाज में पर्दाफाश कर दिया है। राजगढ़ एसपी अमित तोलानी के नेतृत्व में चलाए गए 'ऑपरेशन स्पेशल 75' ने गुना के बीहड़ों और घने जंगलों में छिपे खूंखार पारदी गैंग के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। 25 दिसंबर को सराफा बाजार में हुई लूट के मुख्य सरगना जीवा पारदी सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
बीहड़ों में 20 घंटे का ‘डेथ मार्च’
यह ऑपरेशन किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं था। एसपी अमित तोलानी ने 5 विशेष टीमें गठित कीं, जिसमें जिले के 75 जांबाज पुलिसकर्मी शामिल थे। इन जवानों ने गुना जिले के रिहाना, समरसिंघा और बिलास के उन जंगलों में दबिश दी, जहाँ परिंदा भी पर मारने से डरता है।
पुलिस की यह टीम जंगलों के बीच लगातार 20 घंटे तक बिना अन्न-जल के डटी रही। कड़ाके की ठंड और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर 15 किलोमीटर पैदल चलकर पुलिस ने पारदी गैंग के डेरे को चारों तरफ से घेर लिया।
सरगना जीवा पारदी चढ़ा हत्थे
जब पुलिस ने डेरे पर छापा मारा, तो वहां करीब 10-15 बदमाश मौजूद थे। अचानक हुई घेराबंदी से गैंग में भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर गैंग के मुख्य सरगना जीवा पारदी सहित 3 बदमाशों को दबोच लिया, जबकि अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर कुछ आरोपी भागने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपी जीवा पर लूट, डकैती और हत्या जैसे दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं।
बड़ी बरामदगी: बंदूक, कारतूस और 6 बाइक जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल होने वाली:
* एक देसी भरमार बंदूक
* 15 जिंदा कारतूस
* 30 हजार रुपये नकद
* वारदात में इस्तेमाल की गई 6 मोटरसाइकिलें
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये बदमाश वारदातों को अंजाम देने के बाद जंगलों में डेरा डालकर छिप जाते थे, जिससे इन्हें ट्रैक करना नामुमकिन हो जाता था। लेकिन राजगढ़ और गुना पुलिस के संयुक्त तालमेल ने इनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
200 जवानों की 'कॉम्बिंग' से थर्राया जंगल
गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस रुकी नहीं। इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए करीब 150 से 200 पुलिसकर्मियों ने पूरे जंगल में सघन सर्चिंग (कॉम्बिंग) की। एसपी अमित तोलानी ने ऑपरेशन में शामिल अपने जवानों की पीठ थपथपाते हुए उनके साहस की सराहना की है। फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे प्रदेश की कई अन्य बड़ी डकैतियों के राज खुलने की उम्मीद है।