
भोपाल, [28/07/2025] – भोपाल के वार्ड 26, ग्राम नीलबड़ में सुलभ शौचालय की सुविधा न होने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में गहरा आक्रोश है। इसी मुद्दे पर, जिला युवा कांग्रेस ग्रामीण भोपाल ने आज नगर निगम आयुक्त को एक तीखा ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
युवा कांग्रेस जिला भोपाल ग्रामीण के महासचिव और जिला अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रिंस सिंह के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन हुआ। प्रिंस सिंह ने बताया कि नीलबड़ क्षेत्र में सुलभ शौचालय न होने के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह सिर्फ सुविधा का मामला नहीं, बल्कि क्षेत्र के रहवासियों और व्यापारियों की बुनियादी जरूरत है।
ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र ही सुलभ शौचालय का निर्माण नहीं कराया गया, तो युवा कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
इस ज्ञापन को सौंपने वालों में प्रिंस सिंह के साथ अखिलेश यादव, वेदांत मिश्रा, आयुष शर्मा और क्षेत्र के कई व्यापारीगण शामिल थे। सभी ने एक सुर में प्रशासन से इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।