
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां जिम में वर्कआउट कर रहे एक व्यापारी की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह पूरी घटना जिम में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मृतक की पहचान 51 वर्षीय यतीश सिंघई के रूप में हुई है, जो पेशे से व्यवसायी थे। वे गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित गोल्ड जिम में रोजाना करीब एक से डेढ़ घंटे तक एक्सरसाइज किया करते थे। शुक्रवार सुबह भी वे रोज़ की तरह वर्कआउट कर रहे थे, लेकिन अचानक गिर पड़े।
जिम के कर्मचारियों और अन्य लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्वस्थ जीवनशैली की और दौड़, लेकिन दिल की अनदेखी बन रही जानलेवा!
यह घटना एक बार फिर इस सवाल को उठाती है कि क्या हम बिना मेडिकल चेकअप के एक्सरसाइज शुरू कर रहे हैं? यतीश सिंघई की मौत ने जिम और फिटनेस को लेकर सावधानी की जरूरत को उजागर कर दिया है।