
भोपाल।
मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान उर्फ डग्गीराजा को मंगलवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी का कारण एक वीडियो है जिसमें वे विवादित और भड़काऊ बयान देते नजर आए। वीडियो में डग्गीराजा कथित रूप से कहते सुनाई दे रहे हैं – “मेरी एक गोली से छह-छह यादव मरेंगे।”
इस वीडियो के वायरल होते ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। यादव समाज के करीब 35 लोगों ने इस बयान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पूर्व विधायक की गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
एसपी विनीत कुमार जैन के मुताबिक, पुलिस सुबह से ही चौहान के घर के बाहर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान वे भागने की कोशिश में घर से बाहर निकले। पुलिस ने पीछा कर उन्हें शिवपुरी जिले के बामोरकला थाना क्षेत्र के बरतूला गांव से गिरफ्तार कर लिया।
क्या कहा था डग्गीराजा ने?
वायरल वीडियो में डग्गीराजा एक सभा के दौरान कह रहे हैं –
“जब यादव चढ़ रहे थे लढ़ेरी में, मैंने का कई थी कि एक-एक गोली में छह-छह यादव मर जे है… अगर बली सिंह में हाथ लगा दओ तो एक-एक गोली में छह-छह यादव मर जे है। यादव हो तो यादव सुन ले..."
इसके अलावा वे यह भी कहते हैं कि –
“हम सिंधिया से नहीं डरा, नेतागिरी में कफन बांधकर आया हूं।”
सियासी गर्मी और सामाजिक तनाव
डग्गीराजा के इस बयान के बाद यादव, ठाकुर और लोधी समाजों में नाराजगी और तनाव बढ़ गया। यादव समाज ने इसे समुदाय विशेष के खिलाफ घृणास्पद बयान बताते हुए कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। सोमवार को श्री कृष्णा संस्थान में समाज की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 15 मई को कलेक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।
डग्गीराजा ने दी सफाई, मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद चौहान ने एक वीडियो जारी कर यादव समाज से हाथ जोड़कर माफी मांगी। उन्होंने सफाई में कहा कि –
“ये शब्द मेरे नहीं थे, बातचीत के दौरान गलती से निकल गए। मुझे इस तरह बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मैं तीन बार विधायक और चार बार जनपद अध्यक्ष रहा हूं। यादव समाज ने हमेशा मुझे आशीर्वाद दिया है।”
चौहान ने यह भी दावा किया कि जिस कार्यक्रम का वीडियो वायरल हुआ है, वहां बली सिंह नामक व्यक्ति ने उनकी बात को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया।
अब आगे क्या?
पुलिस डग्गीराजा को ग्वालियर के एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश कर रही है। उन पर भड़काऊ भाषण, सामाजिक वैमनस्य फैलाने और समुदाय विशेष के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने जैसी धाराएं लगाई गई हैं। चंदेरी और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।