मृतक आश्रित योजना की सहायता राशि के एवज में मांगी थी 33,500 की घूस
शहडोल।
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत छुदा के रोजगार सहायक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त रीवा की टीम ने यह कार्रवाई फरियादी राजेश सिंह कंबर की शिकायत पर की।
जानकारी के अनुसार, राजेश सिंह के पिता के निधन के बाद सबल योजना के तहत 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई थी। इस राशि को राजेश की मां के खाते में ट्रांसफर कराने के लिए रोजगार सहायक चंद्र प्रकाश गुप्ता ने 30,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इसके अलावा समग्र आईडी बनवाने के नाम पर 3,500 रुपये और मांगे गए, जिससे कुल घूस की राशि 33,500 रुपये हो गई।
पहली किस्त की डील में फंसा रिश्वतखोर
रोजगार सहायक ने घूस की पहली किस्त के रूप में 10,000 रुपये मांगे। जैसे ही उसने यह राशि अपने घर पर ली, वैसे ही लोकायुक्त रीवा की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई जयसिंहनगर जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत छुदा में की गई।
लोकायुक्त की टीम ने मारा छापा
लोकायुक्त टीम ने पूरे ऑपरेशन को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया। जैसे ही आरोपी ने पैसे लिए, टीम ने तत्काल उसे धर दबोचा और पूरे घटनाक्रम को दस्तावेजों में दर्ज किया।
क्या है आगे की कार्रवाई?
लोकायुक्त की टीम आरोपी चंद्र प्रकाश गुप्ता से पूछताछ कर रही है और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। जल्द ही उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।