
सिंगरौली (मध्य प्रदेश): कहते हैं कि शादियाँ सात जन्मों का बंधन होती हैं, लेकिन सिंगरौली जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। यहाँ एक नवविवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। शादी के महज एक महीने के भीतर ही इस खूनी खेल का पर्दाफाश करते हुए सिंगरौली पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना सरई थाना अंतर्गत निवास चौकी क्षेत्र की है। मृतक की पहचान अजय कुमार बैस (निवासी ग्राम खनतरा, सीधी) के रूप में हुई है। अजय की शादी इसी साल 12 फरवरी 2026 को उमा वैश्य के साथ हुई थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस घर में खुशियों की शहनाइयां गूंजी थीं, वहां मातम पसरने वाला है।
शादी के कुछ सप्ताह बाद ही उमा अपने मायके चली आई थी। दरअसल, उमा का विवाह से पहले ही अपने एक रिश्तेदार अमर बहादुर वैश्य के साथ गहरा प्रेम प्रसंग चल रहा था। अजय उमा के जीवन में और उसके प्रेम संबंधों के बीच 'कांटा' बन रहा था, जिसे रास्ते से हटाने के लिए उमा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची।
जंगल में मिला लहूलुहान शव
8 मार्च 2026 को अजय कुमार बैस का शव रजनिया के घने जंगलों में उसकी ही मोटरसाइकिल के नीचे दबा हुआ मिला। अजय के सिर पर भारी पत्थर से वार किया गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पहली नजर में यह मामला दुर्घटना जैसा दिखाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस की पैनी नजरों से कातिल बच नहीं पाए।
पुलिस का 24 घंटे में बड़ा खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही सिंगरौली पुलिस सक्रिय हुई। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। शक की सुई जब पत्नी उमा की ओर घूमी, तो पुलिस ने उसे, उसके प्रेमी अमर बहादुर वैश्य और उनके साथी चंद्र प्रकाश वैश्य को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म:
“पूछताछ के दौरान आरोपियों ने टूटकर अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उमा ने बताया कि वह अमर से प्यार करती थी और अजय को रास्ते से हटाना चाहती थी। इसी योजना के तहत उन्होंने अजय को जंगल में बुलाया और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।”
गिरफ्तार आरोपी:
उमा वैश्य (मृतक की पत्नी और मुख्य साजिशकर्ता)
अमर बहादुर वैश्य (प्रेमी)
चंद्र प्रकाश वैश्य (सहयोगी)
इस घटना ने समाज के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज अपनी हवस और अवैध संबंधों की खातिर एक महिला ने उस व्यक्ति की जान ले ली, जिसके साथ उसने सात फेरे लिए थे। सिंगरौली पुलिस की मुस्तैदी की सराहना हो रही है, जिन्होंने अंधे कत्ल की गुत्थी को महज एक दिन में सुलझा लिया।