
रिपोर्ट: राकेश जैन, रायसेन
कुछ दिन पहले, रायसेन जिले के ग्राम गढ़ी से गैरतगंज की ओर जा रहे जैन साध्वियों के संघ को एक जिप्सी में सवार छह युवकों ने परेशान किया। युवकों ने गाड़ी से कट मारने के साथ-साथ अभद्र टिप्पणियां भी कीं। इस घटना से जैन समाज में आक्रोश फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही जैन समाज ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे के निर्देशन में तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने अपनी त्वरित कार्रवाई के चलते मात्र 1 घंटे में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे ने पुलिस टीम के कर्मियों के उत्साहवर्धन के लिए उन्हें सम्मानित किया। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा, रायसेन थाना कोतवाली प्रभारी संदीप चौरसिया, दुर्गेश सिंह राजपूत, प्रशांत पटेल, संजीव त्यागी, सीमा युइके, सुषमा धुर्वे और रितेश पाठक को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
जैन समाज ने सौंपा ज्ञापन
जैन समाज ने इस घटना के विरोध में पूरे जिले में संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अन्याय के खिलाफ एक सशक्त कदम बताया।
पुलिस की इस मुस्तैदी से न केवल अपराधियों को सबक मिला है बल्कि समाज में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।