
राकेश जैन की ख़बर
इश्क में लोग क्या-क्या नहीं कर गुजरते! अलीगढ़ के एक युवक ने मोहब्बत के जुनून में वह कर दिखाया, जो सुनने वालों को हैरान कर दे। फेसबुक पर पाकिस्तानी महिला से दिल लगाने वाला यह युवक बिना वीजा और दस्तावेज के सीधे सरहद पार कर पाकिस्तान पहुंच गया।
अलीगढ़ से पाकिस्तान तक का सफर
30 साल का बादल बाबू, अलीगढ़ जिले के नगला खटकरी गांव का रहने वाला है। उसकी यह मोहब्बत कहानी मंडी बहाउद्दीन जिले में उस समय खत्म होती दिखी, जब पाकिस्तानी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने फेसबुक पर एक पाकिस्तानी महिला से दोस्ती की थी। दोस्ती प्यार में बदली, और इस रिश्ते को जीने की चाह में वह अवैध रूप से पाकिस्तान पहुंच गया।
“दो बार नाकाम, तीसरी बार कामयाब”
पुलिस के अनुसार, यह युवक पहले भी दो बार सीमा पार करने की कोशिश कर चुका था लेकिन हर बार असफल रहा। लेकिन तीसरी बार, बादल ने अपनी कोशिश को अंजाम तक पहुंचा दिया। हालांकि, उसका यह रोमांचक सफर मंडी बहाउद्दीन जिले के मोज़ा मोंग इलाके में खत्म हुआ, जहां उसे संदिग्ध गतिविधियों के चलते गिरफ्तार कर लिया गया।
कानूनी शिकंजा और 14 दिन की जेल
बादल बाबू के खिलाफ पाकिस्तान में विदेशी अधिनियम, 1946 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 10 जनवरी 2025 को फिर से उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
“इश्क था या कुछ और?”
यह मामला जितना रोमांटिक लगता है, उतना ही संदेहास्पद भी है। पाकिस्तानी पुलिस यह जांच कर रही है कि युवक का पाकिस्तान में प्रवेश सिर्फ प्यार की वजह से था या इसके पीछे कोई और मंशा छिपी हुई है।
सोशल मीडिया का इश्क: खतरनाक या दिलचस्प?
सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह मोहब्बत अब अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में है। जहां एक तरफ लोग इस युवक के जुनून की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या एक रिश्ते के लिए सरहद पार करना सही था?
इस कहानी में रोमांस है, रोमांच है, और अब कानूनी पेंच भी। देखना होगा कि इस मोहब्बत की दास्तान का अंजाम क्या होता है।