
ग्यारसपुर में कलश यात्रा के साथ शुरू हुई श्रीमद् भागवत कथा – भक्ति की गंगा में डूबे श्रद्धालु
ग्यारसपुर। विंटेक अकैडमी हायर सेकेंडरी स्कूल में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा एवं ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। भक्तिभाव से ओतप्रोत यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कार्यक्रम स्थल तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भावविभोर होकर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
कलश यात्रा मानसरोवर तट पहुंची, जहां कलशों में विधिवत जल भरकर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई और फिर यात्रा पुनः विंटेक अकैडमी लौटी। श्रद्धा और भक्ति का ऐसा संगम दुर्लभ ही देखने को मिलता है।
कथा का पहला दिन – भक्ति में डूबा माहौल
कथा वाचक श्रीनिवास दास शास्त्री जी महाराज ने संगीत की मधुर लहरियों में कथा का रसपान कराते हुए कहा,
“श्रीमद् भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, यह आत्मा के मोक्ष का मार्ग है। इसका श्रवण न केवल इस जन्म, बल्कि कई जन्मों के पापों को हर लेता है।”
जनप्रतिनिधियों से लेकर आमजन तक, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
ग्यारसपुर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, महिलाएं और युवतियां भारी संख्या में उपस्थित रहीं। वातावरण में भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति हर कोने में स्पष्ट रूप से महसूस की जा रही थी।
श्रीमद् भागवत कथा का यह सात दिवसीय आयोजन श्रद्धा, सेवा और संस्कारों की जीवंत मिसाल बन गया है।