
स्वाति श्रीवास्तव विदिशा। सिविल लाइन पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 07 पेटी (57.6 लीटर) देसी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹32,000 बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई रेड
थाना प्रभारी विमलेश कुमार राय को मुखबिर से सूचना मिली कि पूरनपुरा कलारी के पीछे मैदान में एक व्यक्ति दो प्लास्टिक की बोरियों में अवैध शराब के साथ मौजूद है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बोरियों में रखी 07 पेटी देसी शराब बरामद हुई।
आरोपी का नाम और पता
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रियांश उर्फ आशु श्रीवास (22), निवासी आरएमपी नगर फेस-1, विदिशा के रूप में हुई है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक: 231/25, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इनकी रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विमलेश कुमार राय, प्रआर भानुप्रताप, प्रआर कुलदीप, आरक्षक अमर, आरक्षक अखिलेश और आरक्षक संजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की सख्ती से तस्करों में हड़कंप
सिविल लाइन पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन शामिल हैं।