
बिहार के भागलपुर जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है। यहां 18 साल के एक लड़के ने 50 साल की एक महिला से शादी कर ली, जिसके चार बच्चे और नाती-नतनी भी हैं। यह अनोखी शादी अब गांव में चर्चा का विषय बन गई है और दोनों परिवारों के लिए शर्मिंदगी का सबब बन गई है।
कैसे शुरू हुआ 'अनोखा' रिश्ता?
घोघा थाना क्षेत्र के पक्कीसराय गांव का रहने वाला कन्हाई कुमार (18) गुजरात में मजदूरी करने गया था। यहीं उसकी मुलाकात कहलगांव की रहने वाली 50 वर्षीय ज्योति देवी से हुई। ज्योति देवी अपने पति और बच्चों के साथ गुजरात में ही रहती थीं। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्यार हो गया। उम्र के फासले को दरकिनार करते हुए, दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया।
प्यार में पड़कर घर छोड़ दिया!
कहते हैं कि प्यार में इंसान सब कुछ भूल जाता है और इस कहानी में भी कुछ ऐसा ही हुआ। ज्योति देवी ने अपने परिवार, पति और बच्चों को छोड़कर कन्हाई के साथ भागकर शादी कर ली। शादी के बाद कन्हाई अपनी नई पत्नी को लेकर अपने गांव पक्कीसराय पहुंच गया। लेकिन जब गांव वालों और कन्हाई के परिवार को इस शादी का पता चला, तो सब हैरान रह गए।
परिवार वाले हैं शर्मिंदा
ज्योति देवी के चार बच्चे हैं - तीन बेटियां और एक बेटा। उनके नाती-नतनी भी हैं। इस शादी से उनका परिवार बेहद परेशान और शर्मिंदा है। उनकी बेटी और दामाद ने तो घोघा थाने में जाकर अपनी मां की वापसी की गुहार भी लगाई है।
जब ज्योति देवी के परिवार वाले कन्हाई के गांव पहुंचे और पंचायत बुलाई गई, तो ज्योति देवी ने किसी की बात नहीं मानी। उन्होंने अपने परिवार के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। पंचायत का फैसला भी उनके लिए बेमानी था। इस घटना के बाद ज्योति देवी के परिजन निराश होकर लौट गए।
यह अनोखी शादी न सिर्फ भागलपुर, बल्कि पूरे बिहार में सुर्खियां बटोर रही है। लोग इस रिश्ते पर हैरानी जता रहे हैं, वहीं दोनों परिवारों को इस शादी से हुई बदनामी का सामना करना पड़ रहा है।