
नीमच। मध्यप्रदेश की नीमच पुलिस ने 420 के मामले में 7 साल से फरार आरोपी को 2500 किमी दूर केरल से धरदबोचा है। पुलिस इसके लिए दो माह से मेहनत कर रही थी। केरल में लोकल मुखबिर तैयार किया, ऑल इंडिया पुलिस ग्रुप से केरल के अन्य थाने के पुलिसवाले से दोस्ती की। इनकी मदद से पहले आरोपी को पकड़ा। केरल न्यायालय से ट्रांजिट वारंट लेकर आरोपी को नीमच लाए। फरियादी अनाज मंडी व्यवसायी आशीष मेहता ने 19 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई कि मंडी में लहसुन का व्यापारी हूं। 25 जुलाई 2017 को 21 टन लहसुन का ट्रक सीडब्ल्यू 3362 ड्राइवर शशिकुमार निवासी पेरूंदुर ईरोड तमिलनाडु को दिया था। इसे तिरुवल्ला के लिए रवाना किया था। आरोपी जेक्शन व सईजु के कहने पर त्रिशूर में समृद्धि सुपरमार्केट जिसका मालिक बास्टीन है, उसके गोदाम में खाली कर दिया। इस पर अपराध कायम कर धारा 420, 407 में जांच में लिया था। इस दौरान 2 आरोपी ड्राइवर शशिकुमार व जेक्शन को गिरफ्तार किया। जेक्शन के बताने पर गोडाउन मालिक बास्टीन को भी आरोपी बनाया। 2017 से उसकी तलाश जारी थी। उसका न्यायालय से फरारी वारंट जारी था। तीन-चार बार पुलिस ने केरल में दबिश भी दी लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा। इस बार प्लानिंग के साथ पुलिस पहुंची। त्रिशूर केरल में साइबर टीम की मदद से आरोपी बास्टीन को गिरफ्तार किया।