Vidisha Bharti

Header
collapse
...
Home / बिजनेस / भोपाल में खाकी पर गिरी गाज: जुए के अड्डे पर क्राइम ब्रांच की रेड

भोपाल में खाकी पर गिरी गाज: जुए के अड्डे पर क्राइम ब्रांच की रेड

15-09-2026  Vijay Sharma  19 views
भोपाल में खाकी पर गिरी गाज: जुए के अड्डे पर क्राइम ब्रांच की रेड

भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध जुए के खिलाफ क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। स्टेशन बजरिया थाना क्षेत्र में जुए के अड्डे पर क्राइम ब्रांच की दबिश के बाद पुलिस उपायुक्त जोन-1 अखिल पटेल ने थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निलंबित पुलिसकर्मियों में स्टेशन बजरिया थाना प्रभारी निरीक्षक शिल्पा कौरव, बीट प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सूर्यमणि द्विवेदी और माइक्रोबीट प्रभारी आरक्षक 3378 प्रेमशंकर चौरे शामिल हैं।

हाजी मुस्तफा की चाल में क्राइम ब्रांच की दबिश

जानकारी के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 की रात क्राइम ब्रांच भोपाल की विशेष टीम को थाना स्टेशन बजरिया क्षेत्र में जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने हाजी मुस्तफा की चाल में दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा तथा ताश के पत्तों और नकदी को जब्त किया। मामले में थाना क्राइम ब्रांच भोपाल में अपराध क्रमांक 124/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

स्थानीय पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद थाना क्षेत्र में चल रहे अवैध जुए को लेकर स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त जोन-1 अखिल पटेल ने संबंधित पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच कराई।

प्राथमिक जांच में थाना प्रभारी, बीट प्रभारी और माइक्रोबीट प्रभारी की लापरवाही, अकर्मण्यता, उदासीनता और संदिग्ध आचरण सामने आने के बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

14 सितंबर को जारी हुआ निलंबन आदेश

पुलिस उपायुक्त जोन-1 कार्यालय द्वारा 14 सितंबर 2026 को निलंबन संबंधी आदेश जारी किया गया। आदेश में संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) भोपाल से संबद्ध किया गया है।

निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

सात दिन में मांगी गई जांच रिपोर्ट

मामले की विस्तृत जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-1) भोपाल को प्राथमिक जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें 07 दिवस के भीतर जांच पूरी कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है।

पुलिस महकमे में हड़कंप

क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद तीन पुलिसकर्मियों के निलंबन से भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के अन्य थाना क्षेत्रों में भी हलचल है। वरिष्ठ अधिकारियों की इस कार्रवाई को अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

विदिशा भारती की विशेष रिपोर्ट।


Share:

रिक्वायरमेंट

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy