विदिशा भारती डेस्क | पठारी
पठारी नगर के तालाब पर गुरुवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी की सतह पर एक अज्ञात शव तैरता दिखा। देखते ही देखते घाट पर भारी भीड़ जुट गई और सनसनीखेज फुसफुसाहटों का दौर शुरू हो गया।
तालाब के गणेश घाट पर किनारे करीने से रखे कपड़े और चप्पल मिलने के बाद राज खुला। शव की शिनाख्त कस्बे के लगभग 60 वर्षीय राजेंद्र दुबे उर्फ अन्ना के रूप में हुई। दोपहर 3-4 बजे प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार राजेंद्र उर्फ अन्ना को तालाब पर नहाते देखा गया था। सूचना मिलते ही पठारी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फौरन तालाब से बाहर निकाला और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल रवाना किया।हादसे की खबर जंगल में आग की तरह फैली और दुखी ह्रदय परिजन भी घाट पर पहुंच गए। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, अन्ना बेहद सरल, सीधे और ईमानदार स्वभाव के इंसान थे। हालांकि वह मानसिक अस्वस्थता से जूझ रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि वे नहाने उतरे होंगे और पैर फिसलने या गहरे पानी में चले जाने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस फिलहाल घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *