विदिशा जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत नहरयाई गांव से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। चोर घर में रखे संदूक का ताला तोड़कर लगभग 10 से 12 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए।
हैरानी की बात यह रही कि चोर सिर्फ धन-दौलत ही नहीं, बल्कि घर में रखा खाने-पीने का सामान भी बटोर ले गए। सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
ताला तोड़कर संदूक से पार की रकम
नहरयाई गांव के पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना रात करीब 3 बजे की है। चोरों ने मकान में दाखिल होकर सबसे पहले कमरों की तलाशी ली। इसके बाद कमरे में रखे मुख्य संदूक का ताला तोड़ा। संदूक में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और भारी भरकम नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गई कुल संपत्ति का अनुमान 10 से 12 लाख रुपए लगाया जा रहा है।
पेट पूजा भी कर गए चोर
इस चोरी में एक अजीब बात भी सामने आई। चोर केवल जेवर और पैसे तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने रसोई घर में रखा खाने-पीने का सामान भी समेटा और साथ ले गए। इस अनोखे तरीके से हुई चोरी को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
गांव में फैला खौफ, पुलिस जांच में जुटी
सुबह वारदात का पता चलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत शमशाबाद थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वाड की मदद ली जा रही है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि गांव में इस तरह की बड़ी चोरी की घटना पहली बार हुई है, जिससे लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। शमशाबाद पुलिस का कहना है कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संदिग्धों पर नजर रख रही है और जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा कर रही है।
विदिशा जिले की ऐसी ही सटीक और तेज खबरों के लिए जुड़े रहें विदिशा भारती के साथ।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *